||Delhi||Nancy Kaushik||दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर 10 स्थित इकलौते सिविल हॉस्पिटल में एक बार फिर 24 घंटे के बाद पहले जैसे हालात देखने को मिले हैं। दरअसल सिविल हॉस्पिटल में पिछले कई घंटों से बिजली ना आने के कारण एक बार फिर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओपीडी में डॉक्टर टॉर्च की रोशनी से मरीजों की जांच कर रहे हैं तो वही सर्जिकल वार्ड में कल जैसे ही हालात हैं गर्मी के कारण वार्ड में भर्ती मरीजों का बुरा हाल हो चुका है। एक बार फिर ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी है। तीमारदार हाथ में बीजना या ओपीडी कार्ड लेकर अपने मरीज को थोड़ी सी राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो पिछले कई घंटों से सिविल हॉस्पिटल की लाइट गई हुई है। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित विभाग बिजली सप्लाई की बहाली के प्रबंध करने में जुटे है। सोमवार 21 घंटे बीत जाने के बाद बिजली सप्लाई बहाल की गई लेकिन हालात देखकर अब लगता है कि सिविल हॉस्पिटल में बिजली की सप्लाई जुगाड़ की तर्ज पर चल रही है और उसी का नतीजा है मंगलवार सुबह होते ही अंधेरे में डूब गए सिविल हॉस्पिटल के वार्ड।
मरीजों का गर्मी के कारण हाल बेहाल हो रहा है। तीमारदारों का कहना है कि इस तपती गर्मी में बिना बिजली के तार में उनकी हालत भी मरीजों की जैसी होती जा रही है । कुछ घंटे के लिए बिजली की सप्लाई तो हुई लेकिन दोबारा से वही हालत है।
हॉस्पिटल में इलाज के लिए आए मरीजों का कहना है कि पिछले 2 दिन से टेस्ट कराने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं लेकिन लाइट न होने के कारण टेस्ट नहीं हो पाए और उससे इलाज में भी देरी हो रही है। इनमें से कुछ मरीज ऐसे भी थे जो कल घंटों ओपीडी की लाइन में लगे और ओपीडी कार्ड बनने के बाद जब डॉक्टर के पास पहुंचे तो वहां से जवाब मिला के लाइट नहीं है अभी ना तो जांच हो पाएगी और ना ही टेस्ट हो पाएंगे। मरीजों ने 2:00 बजे तक बिजली का इंतजार किया और जब 2:00 बजे के बाद बिजली नहीं आई थी तो उसके बाद घर चले गए थे और मंगलवार सुबह दोबारा इलाज कराने के लिए मरीज पहुंचे तो अस्पताल में एक बार फिर बत्ती गुल है
वही डॉक्टर नीरज यादव की माने तो शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह समस्या हुई है। अंडर ग्राउंड केबल में सीलन आने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ। अब केबल को जमीन से ऊपर करके जोड़ने का काम किया जा रहा है। साथ ही नई केवल का भी प्रबंध किया जाएगा। अब देखना होगा साइबर सिटी के इकलौते अस्पताल की बिजली सप्लाई कब तक बहाल हो पाती है ये तो आने वाला समय ही बताएगा।