विरोधियों पार्टियों के मुकाबले सबसे पहले अपने उम्मीदवार चुनावी रण में उतार चुकी भाजपा ने प्रचार प्रसार में अब अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
विरोधियों पार्टियों के मुकाबले सबसे पहले अपने उम्मीदवार चुनावी रण में उतार चुकी भाजपा ने प्रचार प्रसार में अब अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पंचकूला में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड़ शो के बाद जोश से भरपूर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अब प्रधानमंत्री के 400 पार के संकल्प को साकार करने में कोई कोर कसर छोड़ते नजर नहीं आ रहे। कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अंबाला से ही पूरे हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया गया था। वही दौर आज भी जारी है। अंबाला जिला में विरोधी दलों के मुकाबले एक कदम आगे नजर आ रही भाजपा ने अंबाला जिले में एक और चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर दिया है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने आज विधिवत रुप से भगवान श्री राम और भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर बराड़ा में लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा सहित मुलाना विधानसभा के कई पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं के जय श्री राम के जयकारों और अबकी बार 400 पार के नारों की गूंज के बीच फीता काटकर जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने नये कार्यालय के उद्घाटन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मुलाना विधानसभा क्षेत्र का यह दूसरा चुनाव कार्यालय है। मनदीप राणा ने यहां कार्यकर्ताओं को इलाके के एक एक गांव एक एक गली-मोहल्ले में जाकर डोर टू डोर प्रचार करने की अपील करते हुए कहा कि इस इलाके से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया की रिकॉर्ड मतों से विजय होनी चाहिए,कार्यकर्ता यह ध्यान में रख पूरी ताकत के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। ऐसे में हमारा भी यह फर्ज बनता है कि अपने प्रत्याशी को भारी मतों से जितवाकर भेजें। विपक्षी दलों पर ज़ुबानी हमला बोलते हुए मनदीप राणा ने कहा कि पहले दिन से चुनाव प्रचार में पिछड़े विरोधियों को कुछ समझ नहीं आ रहा। जबकि भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने सैंकड़ों गांवों में जाकर प्रचार कर दिया है। मनदीप राणा ने कहा कि विरोधियों के पास आज न कोई नीति है ना कोई टीम। जबकि भाजपा के पास एक मजबूत संगठन और हर बूथ पर 20-20 पन्ना प्रमुखों के रूप में कर्मठ कार्यकर्ताओं की पूरी टीम है। जो दिन रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पार के संकल्प को साकार करने में डटी हुई है।
p24news