||Delhi||Nancy Kaushik||दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की मांग को लेकर धरनारत्त खिलाडिय़ोंं पर पुलिस की बर्बरता के खिलाफ देश भर के खेल प्रेमियों में रोष बढ़ता जा रहा है तथा यौन शोषण व हमला के आदेश देने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को एनएसयूआई ने स्थानीय चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के समक्ष आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पुतला फूंक रोष जताया तथा केंद्र सरकार से देश के लिए मैडल लाने वाले खिलाडिय़ों से न्याय की मांग की। इस मौके पर एनएसयूआई के सीबीएलयू अध्यक्ष प्रवीण बूरा ने कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण पर दर्जनों खिलाडिय़ों के यौन उत्पीडऩ के आरोप लगाये है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया है, लेकिन फिर भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा।
यही नहीं धरनारत्त खिलाडिय़ों को डराने के उद्देश्य से रात के समय उन पर लाठियां बरसाई गई, जो कि सरासर लोकतंत्र की हत्या है। बूरा ने कहा कि देश की शान को बढ़ाने के लिए जिन खिलाडिय़ों ने दिन-रात मेहनत की, वे आज सडक़ों पर उतरकर न्याय मांग रहे है, यह देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए। दोनो घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए व आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। नहीं तो खिलाडिय़ों के समर्थन में वे अपना आंदोलन तेज करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।