रोजगार दो, न्याय दो’ अभियान के माध्यम से हरियाणा युवा कांग्रेस पहुंचेगी प्रत्येक युवा तक

हरियाणा युवा कांग्रेस ‘रोजगार दो, न्याय दो’ अभियान के माध्यम से सभी ज़िलो के हर युवा तक पहुंचेगी और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन करेगी । बहादुरगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन जून ने आज अभियान की शुरुआत की।

बहादुरगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन जून ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में पूरे देश में पहले स्थान पर है। बीजेपी जेजेपी सरकार निरंतर प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। सरकार ने CET ग्रुप सी की 32,000 एवं ग्रुप डी की 13,536 भर्तियों को 2021 से लंबित रखा है। नतीजों को एक साथ घोषित न कर धांधली की गई है। तीन साल में केवल एक बार CET लेने से लाखों अभ्यर्थीयों को परीक्षा देने से वंचित रखा गया है । सरकारी स्कूलों में TGT और PGT मिलाकर 27, 878 अध्यापकों के पदों को अब तक भरा नहीं गया है। पिछले दस साल से जेबीटी की भर्तियां नहीं हुई हैं। सरकारी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के 62 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। विश्विद्यालयों में भी हजारों पद खाली पड़े हैं। MPHW  ( पुरुष) की भर्तियां दस साल से नहीं निकाली गई हैं। 2019 से फार्मासिस्ट की भर्ती नहीं निकाली गई हैं।  HKRN के माध्यम से पक्की नौकरियों का रास्ता बंद किया गया है। कुल मिलाकर हरियाणा प्रदेश में न सिर्फ़ शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत व्यवस्था बर्बाद हो रही है बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार से भी वंचित कर सरासर अन्याय किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर अब हरियाणा युवा कांग्रेस ने कमर कस ली है। युवा कॉंग्रेस का लक्ष्य है कि कॉलेज, युनिवर्सिटी, लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर, और गांव गांव जाकर ‘रोजगार दो, न्याय दो’ मुहिम से प्रत्येक युवा को जोड़ेगी। इस डोर टू डोर अभियान में युवा कांग्रेस पर्चे बांटेगी और बेरोजगारी के विरुद्ध अलख जगाएगी। सरकार की ग़लत नीतियों के ख़िलाफ़ हर ज़िले में मशाल यात्रा और मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी । बेरोजगारी और अव्यवस्था बढ़ाने वाली अग्निपथ योजना के विरोध में भी आवाज़ उठाई जाएगी और  युवाओं के साथ हो रहे अन्याय की बात रखी जाएगी।
हरियाणा युवा कांग्रेस ‘रोजगार दो, न्याय दो’ के माध्यम से हरियाणा प्रदेश में रोजगार और न्याय की अनुपलब्धता से युवाओं को अवगत करवाएगी।