सहकारी बैंकों के कर्जे पर ब्याज वसूली को लेकर भड़के किसान

सहकारी बैंकों के लोन पर ब्याज वसूली के सरकार के फैसले को लेकर किसानों का गुस्सा भड़क उठा। किसानों ने गांव काकड़ौली हुक्मी में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक राजू मान की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का प्रतीकात्मक पुतले के साथ सरकारी सर्कुलर की प्रतियां फूंकी।

||Delhi||Nancy Kaushik||सहकारी बैंकों के लोन पर ब्याज वसूली के सरकार के फैसले को लेकर किसानों का गुस्सा भड़क उठा। किसानों ने गांव काकड़ौली हुक्मी में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त समन्वयक राजू मान की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का प्रतीकात्मक पुतले के साथ सरकारी सर्कुलर की प्रतियां फूंकी। इस दौरान किसानों ने सरकार को फैसला वापिस नहीं लेने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।

किसान नेता राजू मान की अगुवाई में एकजुट हुए किसानों ने कहा कि सरकार एक के बाद एक किसान विरोधी फैसले लेकर उन पर आर्थिक बोझ लादने पर तुली है जो किसी भी रूप में सहनीय नहीं है। कहा कि किसानों के हालात देखते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सहकारी बैंकों के लोन को ब्याज मुक्त किया था लेकिन गठबंधन सरकार ने किसानों को प्रताड़ित करने के लिये 7 प्रतिशत ब्याज थोपने का तुगलकी फरमान जारी किया है। इससे आम जन मानस में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उसका मुखर विरोध करेगी। किसान नेता सीताराम शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। अगर सरकार अपने फैसले को वापिस नहीं लेगी तो मजबूर होकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।