
||Delhi||Nancy Kaushik||बरवाला से पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग के नेता रामनिवास घोडे़ला ने कहा कि सरकार की अनदेखी से पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों में रोष है। प्रदेश की भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को कौशल रोजगार विकास निगम में आरक्षण ना देकर पिछड़ा वर्ग के साथ विश्वासघात कर रही है। यह बात पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने रविवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इससे पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पिछड़ा वर्ग के लोगों की बैठक हुई। इसमें पूर्व विधायक ने 22 मई को कैथल की नई अनाज मंडी में पिछड़ा वर्ग के महासम्मेलन का निमंत्रण दिया। उन्होंने इस सम्मेलन को पूर्णतया गैरराजनीतिक करार दिया गया।इसमें सभी पार्टी के पदाधिकारियों को निमंत्रण तो दिया जाएगा, परंतु किसी भी पार्टी का झंडा नहीं लगाया जाएगा। पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के बच्चों को स्कॉलरशिप देने के मामले में पक्षपात किया जा रहा है और न ही समाज के गरीब लोगों को सौ-सौ गज के प्लाट आवंटित हुए हैं। पिछड़ा वर्ग ए को प्रदेश सरकार आधा अधूरा आरक्षण देती है। सरकार ने निकाय चुनाव में ओबीसी के आरक्षण को पार्षद के पद में तो दिया गया, लेकिन नगर परिषद और नगर पालिका चेयरमैन में पिछड़ा वर्ग ए को कोई आरक्षण नहीं दिया। इसी तरह जिला परिषद के चेयरमैन में भी पिछड़ा वर्ग को कोई आरक्षण नहीं दिया गया। पंचायती राज में भी आठ प्रतिशत की जगह 16 प्रतिशत मिलना चाहिए था। पूर्व विधायक ने कहा की हर जिले में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन किए जा रहे हैं। इससे पहले फतेहाबाद और गोहाना और भिवानी में पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन कर चुके हैं। सरकार ने पिछड़ा वर्ग की मांगें नहीं मानी तो एक साल बाद हिसार में पिछड़ा वर्ग की प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में नेता प्रतिपक्ष को आमंत्रित किया जाएगा और पिछड़ा वर्ग की यह सभी मांगें उनके सामने रखी जाएंगी।
पिछड़ा वर्ग के नेता प्रदीप गुलिया ने कहा कि वो पिछडों के हकों की हर लड़ाई उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेंगे। इससे पहले भी हरियाणा के तमाम जिलों में सम्मेलन किया जा चुका है और अब कैथल में सम्मेलन के जरिए सरकार को चेताने और लोगों को जागरूक करने का काम किया जाएगा। वर्तमान सरकार ने क्रीमीलेयर की सीमा आठ लाख रुपये से घटाकर छह लाख रुपये कर दिए हैं, जिससे ओबीसी समाज को आरक्षण से वंचित किया जा रहा है। पिछड़ा वर्ग बहुत बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिक संख्या में आबादी पिछड़ा वर्ग की है। पिछड़ा वर्ग जहां चाहेगा, उसी की सरकार बनेगी।