||Delhi||Nancy Kaushik||दिग्विजय के बाद उनके पिता डॉ अजय चौटाला ने भी गठबंधन सरकार में खुद की सरकार जैसे ठाठ ना होने का मलाल ज़ाहिर किया है। यही नहीं, भिवानी पहुंचे अजय चौटाला ने कांग्रेस के बहाने अपने भाई अभय पर भी जुबानी हमला बोला।
बता दें कि संत कबीर जयंती में शामिल होने जेजेपी संस्थापक डॉ अजय चौटाला भिवानी पहुँचे। इस दौरान वो पहले देवीलाल सदन में पहुँचे। जहां उन्होंने श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक व प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह के साथ कार्यकर्ताओं से मिले और उनकी समस्याएं सूनी। इसके बाद वो मीडिया से मुख़ातिब हुए और मिशन-2024 की तैयारियों के साथ विपक्ष अपने भाई पर निशाना साधा।
डॉ अजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी मिशन-2024 की तैयारी में जुटी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा व जजपा गठबंधन पर विरोधी शुरू से सवाल उठा रहे थे। पर ये सही से चल रहा है और 70 फीसदी वादे पूरे भी किए हैं। वहीं दिग्विजय चौटाला द्वारा गठबंधन सरकार में देवीलाल राज जैसे ठाठ ना होने पर अजय चौटाला ने दबी जुबान से सहमति जताई। उन्होंने कहा कि खुद की सरकार और भागीदार होने में फ़र्क़ तो है ही। भागीदार तो सिर्फ़ सहयोग व मदद ही कर सकता है।
वहीं जींद से अरविंद केजरीवाल के चुनावी आग़ाज़ पर डॉ अजय चौटाला ने कहा कि प्रजातंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का हक़ है। केजरीवाल ही नहीं, और भी आएँगे। चाहे मुस्लिम लीग आ जाए, रोक कौन सकता है। वहीं कांग्रेस के जीत के दावे पर अजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस 10 साल में अपना संगठन तक खड़ा नहीं कर पाई। हर राज्य में कांग्रेस नेताओं की जूतियों में खीर (फूट) बंटती है।
कांग्रेस द्वारा बीजेपी व जेजेपी के 15 विधायक उनके संपर्क में होने पर पलटवार करते हुए अजय चौटाला ने कहा कि वो पहले दिन से ये बात कह रहे हैं, पर उनके नाम नहीं बता रहे। वहीं कांग्रेस के बहाने अजय चौटाला ने अपने भाई अभय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यू तो मेरा भाई भी रोज़ विधानसभा में चीख चीख कर हम पर आरोप लगाता है, पर सबूत के नाम पर बोलती बंद हो जाता है। वहीं उन्होंने कहा कि जेजेपी राजस्थान में भी चुनाव लड़ेगी।
जैसे जैसे चुनाव की आहट तेज हो रही है, वैसे वैसे सियासी जंग छिड़ने लगी है। आरोप प्रत्यारोप के साथ एक दूसरे पर जुबानी तीर छोड़े जा रहे हैं। पर सबसे ज्यादा चर्चा में जेजेपी नेताओं द्वारा गठबंधन में देवीलाल राज जैसे ठाठ ना होना है।