नूंह मामले को लेकर खाप पंचायतों ने संभाला मोर्चा

नूंह घटना के बाद प्रदेश में शांति बनाने व भाईचारा कायम करने के लिए खाप पंचायतें एकजुट हैं। सरकार द्वारा साजिश के तहत नूंह में दंगे करवाए हैं और दो समुदायों के बीच टकराव बनाने का प्रयास किया है। खापें हरियाणा में ऐसा नहीं होने देंगी और जरूरत पड़ी तो सभी खापें एकजुट होकर बड़ा फैसला भी ले सकती हैं।

चरखी दादरी || नूंह मामले को लेकर खाप पंचायतों ने मोर्चा संभाल लिया है। चरखी दादरी में फोगाट खाप की अगुवाई में हुई पंचायत में सर्वखापों ने नूंह घटना को लेकर मंथन किया और प्रदेश में सद्भावना के साथ आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील करते हुए माेनू मानेसर की गिरफ्तारी की मांग उठाई। साथ ही दोबारा से शुरू होने वाली ब्रजमंडल को रोकने व नूंह जैसी घटना होने पर प्रदेशभर की पंचायत खापें एकजुट होकर बड़ा फैसला लेने की भी बात कही। इस दौरान पंचायत में बुलाये मुस्लिम समाज के लोगों को भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया।

बता दें कि नूंह घटना के बाद जहां शांति कायम के लिए सर्वधर्म सम्मेलन व पंचायतें हो रही हैं वहीं चरखी दादरी के स्वामी दयाल धाम पर फोगाट खाप की अगुवाई मंे सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें मुस्लिम समाज के लोगों को भी बुलाकर सद्भावना पंचायत के माध्यम से आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की गई। पंचायत में आधा दर्जन खापों के प्रतिनिधियों के अलावा, सामाजिक, किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी पहुंचे। पंचायत में सभी प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर आपसी सहयोग के साथ शांति बनाने की अपील करते हुए मोनू मानेसर की गिरफ्तारी व ब्रजमंडल की यात्रा पर रोक लगाने की मांग उठाई।

फाेगाट खाप प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि पंचायत खापें आपसी भाईचारा कायम करने के लिए हमेशा अवाज उठाती रही हैं। नूंह घटना के बाद प्रदेश में शांति बनाने व भाईचारा कायम करने के लिए खाप पंचायतें एकजुट हैं। सरकार द्वारा साजिश के तहत नूंह में दंगे करवाए हैं और दो समुदायों के बीच टकराव बनाने का प्रयास किया है। खापें हरियाणा में ऐसा नहीं होने देंगी और जरूरत पड़ी तो सभी खापें एकजुट होकर बड़ा फैसला भी ले सकती हैं। वहीं मुस्लिम समाज के शवाहिलीन ने कहा कि खापें उनके साथ हैं और प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है। पहले भी नूंह में कांवड़ व ब्रजमंडल यात्राएं निकली हैं, इस बार साजिश की गई है। अब शांति के लिए हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे।